"क्या उखाड़ेगा "बयान के बाद गिरी गाज – प्रधान पाठक निलंबित



धरमजयगढ़ (रायगढ़) – शासकीय प्राथमिक शाला बांरुखोल के प्रधान पाठक से जुड़े अनाधिकृत अनुपस्थिति एवं कथित विवादित बयान के मामले में प्रशासन ने कड़ा कदम उठाते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। निलंबन की जानकारी फोन के माध्यम से जिला शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा दी गई है।

ज्ञात हो कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी, धरमजयगढ़ द्वारा संबंधित प्रधान पाठक को 09 फरवरी 2026 से बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इस बीच मीडिया से बातचीत में दिए गए उनके कथित विवादित बयान ने मामले को और तूल दे दिया था, जिसके बाद यह प्रकरण शैक्षणिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया।

सूत्रों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी, रायगढ़ तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए निलंबन की कार्रवाई की सूचना संबंधित दूरभाष के माध्यम से दी है ।

प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि इस कार्रवाई के माध्यम से कर्तव्य में लापरवाही बरतने तथा अनुशासनहीनता प्रदर्शित करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को स्पष्ट और कड़ा संदेश दिया गया है कि शासकीय सेवा में नियमों की अनदेखी और असंयमित आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हालांकि, विभागीय स्तर पर आगे की जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया जारी रहने की जानकारी भी सामने आ रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post