बजट में ग्रामीण विकास की नई इबारत,धरमजयगढ़ के कई मार्गों को मिली स्वीकृति, शिक्षा और आवागमन को मिलेगा संबल!

 


धरमजयगढ़। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2026–27 के बजट में ग्रामीण विकास और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण घोषणाएँ की गई हैं। 

जहां पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड सहित आसपास के क्षेत्रों में सड़क निर्माण और शैक्षणिक भवनों के निर्माण को बजट में शामिल किए जाने से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है।


बता दें,बजट में शामिल योजनाओं के अनुसार धरमजयगढ़ विकासखंड में कई महत्वपूर्ण मार्गों का निर्माण किया जाएगा, जिससे ग्रामीण अंचलों में आवागमन की सुविधा और अधिक सुलभ हो सकेगी। प्रस्तावित कार्यों में धरमजयगढ़–अम्बेटिकरा–भवरखोल मार्ग की लंबाई 9.00 किलोमीटर निर्धारित की गई है। इसी तरह ठाकुर नगर जोबी से पखनाकोट मार्ग 6.00 किलोमीटर, ओंगना से पोटिया सागरपुर गेरसा मार्ग 9.00 किलोमीटर, साजापाली से मांझीडेरा, बेन्दोनारा, मुटयारीखोपा होते हुए धौंराभाठा मार्ग 7.30 किलोमीटर तथा साजापाली से आमानारा मार्ग 3.20 किलोमीटर लंबाई के निर्माण का प्रावधान किया गया है।


वहीं इन मार्गों के निर्माण से उन ग्रामीण क्षेत्रों को विशेष राहत मिलेगी, जहां आज भी सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव रहा है। सड़क बनने से न केवल लोगों का आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलने की संभावना है।


इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में भी सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बजट में विकासखंड लैलूंगा के बहामा में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन तथा कन्या शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लैलूंगा के भवन निर्माण का प्रावधान किया गया है। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।


वहीं इन विकास कार्यों को बजट में स्थान मिलने पर प्रदेश किसान मोर्चा संयोजक टीकाराम पटेल ने छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार निरंतर जनहित और ग्रामीण विकास के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post