 |
| मृतक ललित विश्वकर्मा खम्हार ऊंकाडांड़ |
धरमजयगढ़। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को शोक और सन्नाटे में डुबो दिया है। रोज़ी–रोटी की तलाश में दिनभर मेहनत करने के बाद घर लौट रहा एक युवक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर असमय काल का ग्रास बन गया। वहीं मिली जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक घटना धरमजयगढ़–कापू मुख्य मार्ग पर स्थित खम्हार गांव के बजारडांड़ पारा के समीप लगभग रात 8 बजे घटी। बताया जा रहा है कि
मृतक ललित विश्वकर्मा, निवासी ऊंकाडांड़ (खम्हार), काम से वापस अपने घर पैदल लौट रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मारते हुए कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन को घटनास्थल से आगे खम्हार गांव की ओर भागते हुए देखा गया, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वही वाहन इस दुर्घटना में शामिल हो सकता है। हालांकि, वाहन की आधिकारिक पहचान अभी नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना तत्काल
धरमजयगढ़ थाना को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।
बहरहाल इस हादसे ने एक बार फिर मुख्य मार्गों पर तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन संचालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक परिवार का सहारा छिन जाने से गांव में मातम पसरा हुआ है। मेहनतकश युवक की इस असामयिक मृत्यु ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
