क्रोधा गांव में रहस्यमयी अग्निकांड, घर के भीतर जली मिली बुजुर्ग दंपत्ति की लाश, दो संदिग्ध हिरासत में


 धरमजयगढ़। थाना क्षेत्र के ग्राम क्रोधा में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर के भीतर बुजुर्ग दंपत्ति के जले हुए शव मिलने की खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई। घटना ने ग्रामीणों को स्तब्ध कर दिया है, वहीं पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है। वहीं प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान मंगलू राम राठिया एवं उनकी पत्नी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह ग्रामीणों ने उनके घर के भीतर दोनों के जले हुए शव देखे, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।


सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस, फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम तथा डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र को घेरकर गहन जांच की और घटना के हर पहलू को खंगालने में जुट गए।

प्रथम दृष्टया मामला बेहद संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने जांच के दौरान मिले कुछ अहम सुरागों के आधार पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि अब तक घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। वहीं दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्षों के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह दर्दनाक हादसा था, आत्महत्या का मामला है या फिर किसी साजिश के तहत अंजाम दिया गया अपराध।

फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है। वहीं, इस रहस्यमयी घटना के बाद क्रोधा गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।

नोट : पुलिस जांच जारी है। आधिकारिक पुष्टि एवं जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post