जनसुनवाई से पहले स्वास्थ्य शिविर,सेवा या सहमति का प्रयास? ग्रामीणों के बीच उठने लगे सवाल?

 









धर्मजयगढ़। जिस क्षेत्र में आगामी दिनों में कोयला खदान परियोजना को लेकर जनसुनवाई प्रस्तावित है, उसी क्षेत्र में आयोजित स्वास्थ्य शिविर अब चर्चा का विषय बन गया है। अदाणी फाउंडेशन द्वारा लगाए गए मोबाइल हेल्थ कैंप को लेकर ग्रामीणों के एक वर्ग में कई तरह की आशंकाएँ और सवाल उभरने लगे हैं।



तेंदुमुंडी़ में ही उक्त कंपनी द्वारा स्वास्थ्य सेवा…?

ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे क्षेत्रों में अचानक बढ़ी सामाजिक गतिविधियों को लेकर लोगों के मन में स्वाभाविक जिज्ञासा है। कुछ ग्रामीण यह सवाल उठा रहे हैं कि क्या यह केवल स्वास्थ्य सेवा का प्रयास है या फिर प्रस्तावित खनन परियोजना के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने की कवायद? ग्रामीणों का तर्क है कि यदि क्षेत्र के स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं की चिंता पहले से की जाती, तो आज भी अनेक गाँव बुनियादी सुविधाओं के लिए मोहताज नहीं होते। ऐसे में जनसुनवाई से ठीक पहले आयोजित शिविरों को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है।गाँव के कुछ लोगों का कहना है कि विकास और स्वास्थ्य सेवाओं का स्वागत किया जाना चाहिए, लेकिन इसके साथ ही यह भी आवश्यक है कि प्रस्तावित खदान परियोजना के पर्यावरणीय, सामाजिक और आजीविका संबंधी प्रभावों पर खुलकर चर्चा हो। उनका मानना है कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता न बनकर ग्रामीणों की वास्तविक चिंताओं को सुनने का मंच होना चाहिए। वहीं ग्रामीणों के बीच यह भावना भी दिखाई दे रही है कि किसी भी परियोजना का मूल्यांकन अल्पकालिक सुविधाओं के आधार पर नहीं, बल्कि उसके दीर्घकालिक प्रभावों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। जंगल, जलस्रोत, खेती और पारंपरिक आजीविका से जुड़े प्रश्न आज भी लोगों के लिए सबसे महत्वपूर्ण हैं।

हालाँकि, स्वास्थ्य शिविर और प्रस्तावित जनसुनवाई के बीच किसी प्रत्यक्ष संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद क्षेत्र में उठ रहे सवाल यह संकेत देते हैं कि ग्रामीण अब केवल वादों से नहीं, बल्कि स्पष्ट जवाब और पारदर्शिता की अपेक्षा कर रहे हैं।

नोट : जनसुनवाई से पूर्व आयोजित सामाजिक एवं स्वास्थ्य गतिविधियों को लेकर क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की चर्चाएँ एवं सवाल उठ रहे हैं। प्रस्तुत समाचार इन्हीं जनभावनाओं और ग्रामीणों द्वारा व्यक्त चिंताओं को सामने लाने का प्रयास है। समाचार का उद्देश्य किसी संस्था अथवा व्यक्ति पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि जनहित से जुड़े प्रश्नों को सार्वजनिक विमर्श में लाना है।


Post a Comment

Previous Post Next Post