धरमजयगढ़/लैलूंगा। महतारी वंदन योजना की राशि के लेन-देन को लेकर उपजे विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया जब एक युवक ने गांव के ही एक दंपति पर मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम राजपुर गोहड़ीडीपा निवासी मोहन यादव ने थाना लैलूंगा में दिए गए आवेदन में बताया है कि उसकी माता कुती यादव के महतारी वंदन योजना से संबंधित बैंक खाते में मोबाइल नंबर नहीं होने के कारण गांव के निवासी अभीलाल यादव का मोबाइल नंबर दर्ज कराया गया था। आरोप है कि उक्त मोबाइल नंबर के माध्यम से फोन-पे संचालित कर उसकी माता के खाते में आने वाली योजना की राशि का आहरण कर लिया गया।शिकायतकर्ता के अनुसार, इसी संबंध में जानकारी लेने एवं फोन-पे का स्टेटमेंट देखने के लिए वह अपनी माता के साथ 29 जून 2026 को लगभग सुबह 11 बजे अभीलाल यादव के घर पहुंचा था। वहां स्टेटमेंट दिखाने की बात कहने पर कथित रूप से विवाद शुरू हो गया। मोहन यादव का आरोप है कि अभीलाल यादव ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान उसकी पत्नी लक्ष्मी यादव ने पीछे से आकर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसे चोटें आईं।आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के दौरान मौजूद मजदूरों एवं उसकी माता ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद भी अभीलाल यादव लकड़ी लेकर उसके घर तक पहुंच गया और मारपीट करने का प्रयास किया। घटना में मोहन यादव के बाएं पीठ, कोहनी एवं आंख के नीचे चोट लगने की बात कही गई है।पीड़ित ने थाना लैलूंगा में लिखित शिकायत देकर अभीलाल यादव एवं लक्ष्मी यादव के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
(नोट: समाचार शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के आधार पर तैयार किया गया है। मामले की पुष्टि एवं निष्कर्ष पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे।)
