धरमजयगढ़। शासन-प्रशासन द्वारा विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान और विकास के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन धरमजयगढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कदमढोढ़ी के जोंकपानी मोहल्ले की हकीकत इन दावों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। यहां निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति कोरवा समुदाय, जिन्हें राष्ट्रपति के दत्तक पुत्रों का दर्जा प्राप्त है, आज भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जीवनयापन करने को मजबूर हैं।
बता दें, हमारी दैनिक प्रभात छत्तीसगढ़ की मीडिया टीम जब जोंकपानी मोहल्ले पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत की, तो क्षेत्र की तस्वीर बेहद चिंताजनक नजर आई। ग्रामीणों ने बताया कि आज भी वे नाले के किनारे स्वयं द्वारा बनाए गए ढोढ़ीनुमा जलस्रोतों पर निर्भर हैं और वहीं से पीने का पानी प्राप्त करते हैं। स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था न होने से स्वास्थ्य संबंधी खतरे लगातार बने हुए हैं।आगे बता दें, ग्रामीणों के अनुसार मोहल्ले में स्वास्थ्य सुविधाओं का पूर्ण अभाव है। सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं भी आज तक नहीं पहुंच सकी हैं। स्थिति इतनी विकट है कि किसी गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर उसे खाट में लिटाकर लगभग तीन किलोमीटर दूर मुख्य सड़क तक पैदल ले जाना पड़ता है, तब कहीं जाकर उपचार की उम्मीद बनती है।
वहीं आगे ग्रामीणों ने यह भी बताया कि हाल ही में सरकार की जनकल्याणकारी योजना के तहत तीन माह का निःशुल्क राशन एकमुश्त वितरित किया गया, जिसमें चावल, शक्कर और चना तो मिला, लेकिन नमक का वितरण नहीं किया गया। इसे लेकर भी ग्रामीणों में असंतोष व्याप्त है।लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब विशेष पिछड़ी जनजातियों के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं तथा पंचायतों को विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये आवंटित किए जा रहे हैं, तब भी कदमढोढ़ी पंचायत के जोंकपानी मोहल्ले में रहने वाले कोरवा परिवार मूलभूत सुविधाओं से वंचित क्यों हैं? लेकिन क्या विकास कार्य धरातल पर नहीं पहुंचे, या फिर कहीं विकास की तस्वीर केवल कागजों तक ही सीमित रह गई है? यह सवाल अब ग्रामीणों के साथ-साथ आमजन के मन में भी उठने लगा है। आवश्यकता इस बात की है कि संबंधित विभाग और प्रशासन इस गंभीर मुद्दे का संज्ञान लेकर वास्तविक स्थिति की जांच करे तथा वर्षों से उपेक्षित इस बस्ती को मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने के लिए ठोस पहल करे।
(क्रमशः... मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और प्रशासनिक पक्ष के साथ अगली रिपोर्ट में)
दैनिक प्रभात,तहसील रिपोर्टर- रामलाल महेश्वरी कापू!!
Tags
धरमजयगढ़ न्यूज


