आधुनिक उपचार से संतान सुख की नई उम्मीद,धरमजयगढ़ में निःशुल्क इन्फर्टिलिटी परामर्श शिविर 31 मई को..!
धरमजयगढ़। बदलती जीवनशैली, बढ़ते मानसिक तनाव और पर्यावरणीय प्रदूषण के इस दौर में निःसंतानता की समस्या समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। ऐसे संवेदनशील और सामाजिक महत्व के मुद्दे पर जागरूकता फैलाने तथा बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए अपेक्स सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं आईवीएफ सेंटर तथा आरोग्य हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में निःसंतान दंपतियों के लिए निःशुल्क जांच एवं परामर्श ओपीडी शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष स्वास्थ्य शिविर आगामी 31 मई 2026, रविवार को आरोग्य हॉस्पिटल, धरमजयगढ़ में आयोजित होगा, जहां प्रसिद्ध इन्फर्टिलिटी विशेषज्ञ डॉ. रश्मि गोयल निःशुल्क जांच एवं परामर्श प्रदान करेंगी। शिविर में दंपतियों को आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से बांझपन संबंधी समस्याओं की जानकारी दी जाएगी तथा उचित उपचार के लिए मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
डॉ. रश्मि गोयल ने बताया कि वर्तमान समय में अनियमित दिनचर्या, तनावपूर्ण जीवन, खानपान में बदलाव और प्रदूषण के कारण पुरुष एवं महिलाओं दोनों में प्रजनन संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि अधिकांश दंपति समय रहते चिकित्सकीय सलाह नहीं लेते, जिसके कारण उम्र बढ़ने के साथ समस्या और जटिल होती चली जाती है। उन्होंने समाज में व्याप्त उस सोच पर भी चिंता व्यक्त की, जिसमें संतान न होने की स्थिति में केवल महिलाओं को जिम्मेदार ठहराया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभिन्न चिकित्सकीय अध्ययनों के अनुसार लगभग आधे मामलों में पुरुष भी समान रूप से जिम्मेदार पाए जाते हैं। ऐसे में दंपतियों को बिना किसी झिझक के समय पर विशेषज्ञ परामर्श लेना चाहिए।
बता दें,अस्पताल प्रबंधन के अनुसार शिविर में निःशुल्क वीर्य जांच, विशेषज्ञ सलाह एवं विभिन्न आवश्यक जांचों पर 25 प्रतिशत तक की विशेष छूट प्रदान की जाएगी। साथ ही ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के लोगों को महानगरों की ओर भटकने के बजाय स्थानीय स्तर पर अत्याधुनिक इन्फर्टिलिटी उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।उल्लेखनीय है कि अपेक्स हॉस्पिटल द्वारा पूर्व में भी स्वास्थ्य जागरूकता एवं जनहित से जुड़े कई शिविर आयोजित किए जाते रहे हैं। इस पहल को क्षेत्र के निःसंतान दंपतियों के लिए एक नई उम्मीद के रूप में देखा जा रहा है। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने इच्छुक दंपतियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने हेतु मोबाइल नंबर 9329142515 एवं 9329915091 पर अग्रिम पंजीयन अवश्य करवा लें।
