धरमजयगढ़़। धरमजयगढ़ क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली ब्रेकिंग न्यूज़ सामने आई है। धरमजयगढ़–कापू मुख्य मार्ग पर स्थित मड़वाताल घाट में समय लगभग शाम 7 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। सगाई समारोह से लौट रही एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे खुशियों का सफर मातम में बदल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कापू थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोसाईपोड़ी से बंगरसुता सगाई कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे लोगों की पिकअप गाड़ी में लगभग 40 से 45 यात्री सवार थे। घाटी क्षेत्र में अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ा और पिकअप सीधे खाई में समा गई। हादसे की आवाज़ से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक 2 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। तीन घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ रेफर किया गया है।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस व प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। धरमजयगढ़ अस्पताल में घायलों को पहुंचाने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया गया। घाट के संकरे और खतरनाक मोड़ ने एक बार फिर प्रशासन की सड़क सुरक्षा तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है। लेकिन इतना तय है कि मड़वाताल घाट पर यह हादसा सिर्फ दुर्घटना नहीं, एक बड़ी चेतावनी बनकर सामने आया है—कि लापरवाही और क्षमता से अधिक सवारी, दोनों मिलकर कैसे जानलेवा साबित होती हैं।



