धरमजयगढ। धरमजयगढ़ क्षेत्र के प्राथमिक माध्यमिक विद्यालय चरखापारा में 77वें गणतंत्र दिवस का पावन अवसर हर्ष, उल्लास और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर तिरंगे की आभा और बच्चों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति से जीवंत हो उठा।
वहीं समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष, राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त तथा विधानसभा क्षेत्र धर्मजयगढ़ के प्रभारी माननीय सुरेन्द्र बेसरा उपस्थित रहे। उन्होंने विधिवत राष्ट्रीय ध्वज फहराया और ध्वज की सलामी लेकर राष्ट्र के गौरव को नमन किया। जैसे ही तिरंगा आकाश में लहराया, वातावरण “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र–छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और लघु प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि ने उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। और वहीं कार्यक्रम की गरिमा उस समय और बढ़ गई जब माननीय बेसरा ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें विनम्र नमन किया। उन्होंने अपने संबोधन में क्षेत्रवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए देश के संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला।

