धरमजयगढ़ टैक्सी स्टैंड में अवैध पार्किंग का खेल, प्राइवेट वाहन जमाए बैठे डेरा


धरमजयगढ़।
 नगर के दशहरा मैदान स्थित टैक्सी स्टैंड में इन दिनों प्राइवेट नंबर प्लेट वाले वाहनों ने डेरा जमा रखा है। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां खड़ी अधिकांश चारपहिया गाड़ियां बिना टैक्सी परमिट के सवारियां ढोने का काम कर रही हैं।

बताया जा रहा है कि इन वाहनों के चालक सवारियों से मनमाना किराया वसूलकर उन्हें विभिन्न गंतव्यों तक पहुंचा रहे हैं। नियमों के विपरीत प्राइवेट वाहनों द्वारा खुलेआम सवारी ढुलाई किए जाने से न केवल राजस्व का नुकसान हो रहा है बल्कि वैध परमिटधारी वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नगरवासियों का कहना है कि दशहरा मैदान मुख्य मार्ग से लगा हुआ है और आसपास फास्ट फूड की दुकानें भी संचालित होती हैं, जहां शाम के समय बड़ी संख्या में परिवार, महिलाएं और बच्चे पहुंचते हैं। ऐसे में यहां अनियंत्रित तरीके से वाहनों का जमावड़ा और सूत्रों की माने तो कुछ लोगों द्वारा शराब सेवन किए जाने से माहौल असहज हो जाता है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि दशहरा मैदान स्थित टैक्सी स्टैंड में खड़े वाहनों और चालकों की समय-समय पर जांच की जाए तथा बिना परमिट संचालित वाहनों पर कार्रवाई की जाए, ताकि व्यवस्था बनी रहे और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post